मंगलवार, 6 सितंबर 2022

लेवाना होटल सरकार की नाक के नीचे ऐशगाह था

होटल लेवाना सुइट्स की घटना से प्रदेश सरकार का भ्रष्टाचार उजागर हुआ है भाकपा ने की विश्वासयोग्य जांच की मांग लखनऊ- 6 सितंबर 2022, लगभग हर साल उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के होटलों में आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं के क्रम में एक कड़ी और जुड़ गयी और राजधानी के पॉश इलाके में अवैध रूप से निर्मित होटल ‘लेवाना सुइट्स’ में लगी आग से चार लोगों की जान चली गयी। यह दुर्घटना कई सवाल खड़े कर रही है, और इसकी विश्वसनीय जांच आवश्यक है। लोगों की मौत पर गहरा दुख जताते हुये भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव मंडल ने अपने बयान में कहा कि होटल का निर्माण प्रदेश में रामराज्य प्रतिष्ठापित (2017) होने के बाद हुआ है। तबसे अब तक सरकार की नाक के नीचे राजधानी में बेधड़क चल रहा यह होटल मौजूदा सरकार के जन सरोकारों पर प्रश्नचिन्ह लगाता है, और व्याप्त भ्रष्टाचार की कलई खोल देता है। यह भी आश्चर्यजनक है कि होटल में ठहरे म्रतक लोग यात्री या टूरिस्ट न हो कर लखनऊ के वाशिन्दे थे। स्पष्ट है कि यह होटल धनवानों की ऐशगाह बना हुआ था और नियमों का उल्लंघन कर धनोपार्जन में जुटा था। भारतीय संस्क्रति की रक्षा का दावा करने वाली मौजूदा सरकार की कथनी करनी के बीच अंतर को ये घटना उजागर कर देती है। जघन्य घटना से उत्तर प्रदेश में टूरिस्ट्स के आगमन पर भी प्रभाव पड़ेगा। उत्तर प्रदेश सरकार का ये स्थायी चरित्र बन चुका है कि वह गैर कानूनी, अवांच्छित और अनैतिक कार्यों पर तब ध्यान देती है जब किसी घटना/ दुर्घटना से मामले का पर्दाफाश हो जाता है और सरकार की प्रतिष्ठा दांव पर लग जाती है। उससे पहले वह ध्रतराष्ट्र बनी रहती है। अब जांच बैठाने और होटल पर बुलडोजर चलाने की कार्यवाहियाँ जनहित में न हो कर सरकार की छवि बचाने के उद्देश्य से की जा रही हैं। भाकपा ने कहा कि निर्मित भवनों को राजनैतिक उद्देश्यों से ढहाने के बजाय सरकार द्वारा उनका अधिग्रहण किया जाना चाहिये और उनके अलग अलग भागों को आश्रयहीन गरीबों को आबंटित किया जाना चाहिये। भाकपा ने इस जघन्य घटना की विश्वासयोग्य जांच कराने की मांग की है। सभी घायलों के इलाज कराये जाने तथा होटल के समस्त कागजात जब्त कर उसके क्रियाकलापों का खुलासा करने की भी मांग की।

2 टिप्‍पणियां:

बेनामी ने कहा…

देश व प्रदेश मे कई पूंजी वादी पार्टियों की सरकारें बन चुकी है, लेकिन भ्रष्टाचार, रिश्वत खोरी अवैध कार्य व कमाई सैकड़ों गुना मुनाफा हर सरकार में पहली सरकार से ज़्यादा बढ़ जाता है। यह सब उसी का परिणाम है।

Neeraj ने कहा…

दुखद

Share |