शनिवार, 13 दिसंबर 2025

केरल में भाजपा का जादू

भाजपा ने राजधानी तिरुवनंतपुरम की नगर निगम पर कब्जा किया केरल विधानसभा चुनाव से पहले, तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव में भाजपा ने बड़ा उलटफेर किया है। भाजपा और राजग ने 45 वर्षों से वामपंथी दलों के वर्चस्व को खत्म कर दिया। पीएम मोदी ने इसे ऐतिहासिक पल बताया। भाजपा को विभिन्न समुदायों का समर्थन मिला, जिससे राज्य की राजनीति में बदलाव की लहर देखी जा रही है। । इसके अलावा पार्टी को कुछ नगरपालिकाओं और पंचायतों में भी सफलता मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव में भाजपा-नीत राजग को मिले जनादेश को केरल की राजनीति का ऐतिहासिक क्षण बताया और शानदार नतीजों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। केरल में अगले साल अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पंचायत से लेकर नगर निगम तक हुए ये चुनाव राज्य की भावी राजनीति का संकेत माने जा रहे थे। नतीजों से राज्य में बदलाव की लहर दिखाई दी है और कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ कई स्तरों पर एलडीएफ पर भारी पड़ा है। इसी बीच सबसे कम आंके जा रहे भाजपा-नीत राजग ने सबको चौंका दिया है। राज्य के इतिहास में अब तक एक विधानसभा सीट और पिछले लोकसभा चुनाव में एक लोकसभा सीट को अपवाद माना जाता रहा है। इन नतीजों ने इस धारणा को तोड़ते हुए स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले समय में भाजपा का गठबंधन राज्य में एक प्रमुख राजनीतिक ताकत के रूप में उभरेगा। भाजपा का यह उभार माकपा और वामपंथी दलों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। केरल देश का इकलौता राज्य है जहां वामपंथ सत्ता में है। भाजपा-नीत राजग ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में जीत दर्ज कर वामपंथ के 45 वर्षों के वर्चस्व को खत्म कर दिया है। खास बात यह है कि राज्य में भाजपा और राजग को मिली सफलता ने कांग्रेस से ज्यादा वामपंथी दलों को नुकसान पहुंचाया है। भाजपा ने वामपंथी दलों के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों में बड़ी सेंध लगाई है। उसे हिंदू समुदाय के साथ-साथ ईसाई समुदाय का भी समर्थन मिला है। तिरुवनंतपुरम में भाजपा के पास अब 50 सीटें 101 सदस्यीय तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा के पास अब 50 सीटें, लेफ्ट फ्रंट के पास 26 सीटें और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ के पास 16 सीटें हैं। बता दें कि निवर्तमान तिरुवनंतपुरम नगर निगम में लेफ्ट फ्रंट के पास 51 सीटें थीं, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के पास 35 सीटें थीं। शेष सीटें कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और निर्दलीय उम्मीदवारों के पास थीं। --- राज्य की पहली महिला डीजीपी श्रीलेखा की जीत से भाजपा को बढ़त केरल की पहली महिला पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रहीं आर श्रीलेखा की जीत इस चुनाव की सबसे चर्चित उपलब्धियों में रही। उन्होंने सस्थामंगलम वार्ड से भाजपा की उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की। उनकी सफलता को राजधानी तिरुवनंतपुरम में वाम मोर्चे को सत्ता से बाहर करने की दिशा में एक प्रतीकात्मक और मजबूत बढ़त के रूप में देखा जा रहा है। श्रीलेखा इसी वर्ष भाजपा में शामिल हुई थीं। उनका सक्रिय राजनीति में आना और सीधे नगर निगम चुनाव लड़ना राजनीतिक हलकों में चौंकाने वाला कदम माना गया। ईमानदारी, पेशेवर कार्यशैली और सुधारवादी छवि के लिए पहचानी जाने वाली श्रीलेखा का पुलिस सेवा करियर लंबा और प्रतिष्ठित रहा है। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्हें इस साल की शुरुआत में भाजपा की राज्य उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। पुलिस सेवा से पहले श्रीलेखा ने कुछ समय तक लेक्चरर के रूप में काम किया और बाद में भारतीय रिजर्व बैंक में सेवाएं दीं। उन्होंने 1986 में सिविल सेवा परीक्षा पास की और केरल कैडर की पहली महिला आईपीएस अधिकारी बनीं। --- तिरुवनंतपुरम में जीत ऐतिहासिक क्षण : मोदी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को विजयी बनाने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि लोगों को यकीन है कि राज्य की विकास की आकांक्षाओं को राजग ही पूरा कर सकता है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट में इस जीत को ऐतिहासिक क्षण करार दिया। उन्होंने कहा, पूरे केरल के लोगों का धन्यवाद, जिन्होंने राज्य में स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी और राजग उम्मीदवारों को वोट दिया। केरल यूडीएफ और एलडीएफ से तंग आ चुका है। वे राजग को एकमात्र विकल्प के रूप में देखते हैं, जो सुशासन दे सकता है और सभी के लिए अवसरों के साथ विकसित बना सकता है। धन्यवाद तिरुवनंतपुरम! नए अध्याय की शुरुआत : राजनाथ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा, तिरुवनंतपुरम ने उम्मीद और विश्वास के साथ अपनी बात रखी है और नगर निगम में भाजपा के शानदार प्रदर्शन के जरिए एक नए अध्याय की शुरुआत की है। यह बदलाव, विकास और स्वच्छ शासन के समर्थन का स्पष्ट संदेश है। उन्होंने कहा, मैं हमारे कार्यकर्ताओं और भाजपा की केरल इकाई को बधाई देता हूं और तिरुवनंतपुरम के लोगों का उनके विश्वास और स्नेह के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से प्रेरित होकर भाजपा की केरल इकाई विनम्रता और समर्पण के साथ लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और विकास व भरोसे पर आधारित भविष्य के निर्माण के लिए काम करेगी। शशि थरूर ने भाजपा को बधाई दी तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, नतीजे शानदार रहे। जनादेश साफ है और राज्य की लोकतांत्रिक भावना साफ झलकती है। पूरे राज्य में प्रभावशाली जीत के लिए यूडीएफ को हार्दिक बधाई। मैं तिरुवनंतपुरम में भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन को भी स्वीकार करता हूं और नगर निगम में उनकी अहम जीत पर बधाई देता हूं। यह राजधानी की राजनीति में एक उल्लेखनीय बदलाव है। उन्होंने कहा, मैंने 45 वर्षों के वाम मोर्चे के कुशासन के खिलाफ बदलाव के लिए अभियान चलाया था, लेकिन मतदाताओं ने एक और पार्टी को चुना, जो शासन में बदलाव चाहती थी। यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। जनता के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। कोट::: तिरुवनंतपुरम नगर निगम में हमने पिछले चुनाव की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। सीपीएम के खराब प्रदर्शन की वजह उनके खिलाफ मजबूत सत्ता विरोधी लहर है। उनकी नीतियां ऐसी हैं कि वे पूरी तरह केंद्र सरकार का समर्थन कर रहे हैं। मुझे लगता है कि कुछ जगहों पर उनके कैडर ने भाजपा को वोट दिया, इसलिए ऐसे नतीजे आए। हम इसके खिलाफ लड़ेंगे। - केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस महासचिव कोट::: एलडीएफ को अपेक्षित नतीजे नहीं मिल पाए। हम पूरे राज्य में मजबूत जीत की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसके कारणों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। तिरुवनंतपुरम में एनडीए की बढ़त और चुनाव प्रचार के दौरान सांप्रदायिकता का असर, धर्मनिरपेक्षता में विश्वास रखने वालों के लिए चिंता का विषय है। - पिनराई विजयन, मुख्यमंत्री, केरल कोट::: स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे पार्टी के लिए एक अप्रत्याशित झटका हैं। सबसे पहले हम परिणामों का आकलन करेंगे और सुधारात्मक कदम उठाएंगे। एलडीएफ को पहले भी चुनावी झटकों से उबरने का अनुभव रहा है और इस बार भी जरूरी सुधार कर आगे बढ़ेंगे। - एमवी गोविंदन, सीपीआई(एम) नेता --- त्रिशूर में भाजपा की मुस्लिम उम्मीदवार ने कांग्रेस से सीट छीनी केरल में स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों के बीच त्रिशूर नगर निगम के कन्ननकुलंगरा वार्ड से भाजपा को अहम जीत मिली है। हिंदू बहुल इस वार्ड में भाजपा की मुस्लिम उम्मीदवार मुमताज ने कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर सीट अपने नाम की है। इस परिणाम को निगम में भाजपा की रणनीतिक बढ़त और बदलते सामाजिक समीकरणों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। मुमताज की जीत इसलिए भी चर्चा में रही, क्योंकि वह इस चुनाव में त्रिशूर से भाजपा की एकमात्र मुस्लिम उम्मीदवार थीं। मुमताज पिछले आठ वर्षों से भाजपा से जुड़ी हुई हैं और उनके परिवार का भी पार्टी से पुराना नाता रहा है। मुमताज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास की सोच से प्रेरित होकर वह भाजपा से जुड़ीं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आपकी टिप्पणी के लिए धन्यवाद भविष्य में भी उत्साह बढाते रहिएगा.... ..

सुमन
लोकसंघर्ष