सोमवार, 16 मार्च 2026
युवाओं के दम पर नया कम्युनिस्ट विकल्प होगा तैयार-डी राजा
युवाओं के दम पर नया कम्युनिस्ट विकल्प होगा तैयार-डी राजा
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रही है. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बाद देश की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शताब्दी वर्ष के अवसर पर आज रांची में धूमधाम से समारोह आयोजित कर रही है.
झारखंड राज्य परिषद की ओर से आयोजित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शताब्दी वर्ष समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डी. राजा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान प्रदेश कार्यालय भवन के नवनिर्माण की आधारशिला भी रखी गई. समारोह में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री शिवकुमार मुखर्जी, झारखंड प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.
राजधानी रांची के अटल वेंडर मार्केट के चौथे तले पर बने सभागार में यह शताब्दी वर्ष समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कन्हाईमल पहाड़िया ने की.
100 वर्ष का इतिहास जनता के हितों के लिए संघर्ष से भरा: डी. राजा
राष्ट्रीय महासचिव डी. राजा ने कहा कि पार्टी ने स्थापना काल से अब तक के 100 वर्षों के इतिहास में जनसरोकार के मुद्दों पर लगातार संघर्ष किया है. उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी केवल चुनाव के लिए नहीं है, हम जनता की समस्याओं को लेकर जन संघर्ष के लिए हैं. डी. राजा ने झारखंड में जल, जंगल और जमीन की लड़ाई को अभी भी अधूरा बताया और कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी इसे पूरा करेगी. उन्होंने कहा कि संघर्ष के दौरान कई साथियों को खोया है, फिर भी जनता के हित में जनआंदोलन नहीं छोड़ा गया. जन आंदोलन के माध्यम से जन विश्वास जीतकर झारखंड में एक मजबूत विकल्प बनने का प्रयास किया जाएगा.
आरएसएस का आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं: डी. राजा
समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में डी. राजा ने कहा कि पूरे देश में सीपीआई अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष धूमधाम से मना रही है. आरएसएस भी अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है, लेकिन देश की आजादी की लड़ाई में उसका कोई योगदान नहीं है. अगर आरएसएस का कोई योगदान है तो उसे सामने लाना चाहिए. उन्होंने कहा कि हमने पूर्ण स्वराज के नारे के साथ अंग्रेजों और फ्रांसीसियों को देश से भगाया. अब केंद्र की भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करना है. सीपीआई और वाम दलों को मजबूत करके ऐसा किया जाएगा. इसी रणनीति पर पार्टी आगे बढ़ रही है.
देश का किसान संकट के दौर से गुजर रहा है: शिवकुमार मुखर्जी
समारोह को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और किसान नेता शिवकुमार मुखर्जी ने कहा कि आज देश के किसान गंभीर संकट के दौर से गुजर रहे हैं. दुनिया में युद्ध के नाम पर हाहाकार मचा हुआ है, निर्दोष लोगों की हत्या हो रही है और पूंजी की लड़ाई चल रही है. उन्होंने झारखंड के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि यहां मजबूत कम्युनिस्ट पार्टी की जरूरत है. झारखंड के युवाओं के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है. आने वाले दिनों में चुनौतियों को स्वीकार करते हुए पार्टी आगे बढ़ेगी. हम केवल चुनाव के लिए नहीं, बल्कि जनता के सवालों को लेकर जन संघर्ष के लिए हैं.
झारखंड में सरकार के संरक्षण में हो रही है खनिज संपदा की लूट: महेंद्र पाठक
झारखंड प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि राज्य की खनिज संपदाओं की लूट सरकार के संरक्षण में माफियाओं के माध्यम से हो रही है. चाहे केंद्र की सरकार हो या राज्य की, दोनों जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा में असफल रही हैं. उन्होंने कहा कि सरकार जबरन किसानों की जमीन लूट रही है, लेकिन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी लड़ेगी और जीतेगी. झारखंड में युवाओं को साथ लेकर एक नया और मजबूत वाम विकल्प तैयार किया जाएगा, जो आने वाले दिनों में जनता की आकांक्षाओं को लेकर जन संघर्ष को तेज करेगा.
समारोह में मुख्य रूप से महासचिव डी. राजा, पूर्व मंत्री शिवकुमार मुखर्जी, प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक, सीपीआई राष्ट्रीय परिषद सदस्य पी.के. पांडे, कन्हाईमल पहाड़िया, महादेव भंते, जैनेंद्र तथागत, देवांशु सिंह, हिमांशु सिंहराम, जिला सचिव (रांची) अजय सिंह, सोनिया देवी, अर्जुन कुमार यादव, नीरज सिंह, चंदेश्वर सिंह, विकास कुमार वर्मा, संतोष कुमार रजक, अजय कुमार सिंह, धर्मवीर सिंह, अंबुज ठाकुर, अनिरुद्ध कुमार, गयानाथ पांडेय, गौरव रवानी, शंभू मोहाली, रुचिर कुमार तिवारी, मनोज ठाकुर, श्यामल चक्रवर्ती, स्वामीनारायण चक्रवर्ती, गणेश महतो, राजेंद्र यादव, नूनू चंद महतो, स्वयंवर पासवान, चुन्नू पांडे, अब्दुल्लाह अंसारी, इम्तियाज खान, अली अंसारी, कमालुद्दीन, मनोज महतो, चितरंजन महतो सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए सीपीआई नेता शामिल हुए.
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें