रामशरण जोशी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रामशरण जोशी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 18 सितंबर 2018

मोब लिंचिंग

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में भीड़ हिंसा पर बोलते हुए दिल्ली में 1984 के दंगों को याद किया जिसमें हजारों सिखों की जानें गईं। इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों द्वारा की गई हत्या से राजधानी दिल्ली में दंगे भड़के और निर्दोष सिख नागरिकों की जान-माल को अपार क्षति पहुँची। बेशक इसे स्वतः स्फूर्त हिंसा नहीं कहा जा सकता। यह एक सीमा तक प्रायोजित थी जिसमें कथित रूप से कांग्रेस के बड़े नेता किसी स्तर पर लिप्त रहे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राजनाथ सिंह के सुर में सुर मिलाते हुए 1984 की हिंसा को याद किया है। इस हिंसा की  हर स्तर पर भर्त्सना की जानी चाहिए। इसमें शक के लिए कोई गुंजाइश नहीं है, लेकिन, इसी सन्दर्भ में एक सवाल जरूर  पैदा होता है। जब गृहमंत्री और मुख्यमंत्री  34 साल पुरानी घटना याद रख सकते हैं तब 12 साल पुरानी  अहमदाबाद की भीड़ हिंसा को याद क्यों नहीं रख सके? क्या 2002 में मुसलमानों की मोब लिंचिंग नहीं हुई? क्या भीड़ ने बिल्डिंग को नहीं जलाया? क्या भीड़ ने एक पूर्व सांसद को जिंदा नहीं जला दिया था। इस हिंसा में भी लोगों की जाने गई थीं। हिंसा का रौद्र रूप देखकर तत्कालीन भाजपा प्रधानमंत्री  अटल बिहारी बाजपेई को अपनी ही पार्टी की प्रदेश सरकार और तब के मुख्यमंत्री  और आज के प्रधानमंत्री नरेन्द्र  मोदी  को  “राजधर्म पालन“ की नसीहत देनी पड़ी थी। राजनाथ सिंह जी इसे क्यों नहीं याद रख पाए? इसका सीधा अर्थ यह है कि वे ‘मोब लिंचिंग या हिंसा‘ के प्रति पक्षपातपूर्ण दृष्टि अपनाना चाहते हैं, समदृष्टि नहीं। इसकी अपेक्षा देश के गृहमंत्री से नहीं की जाती है। भीड़ हिंसा में समाज का कोई भी समुदाय संलिप्त रहता है, तो वह गुनहगार है। माना सांप्रदायिक दंगे देश के लिए कोई नई परिघटना नहीं हैं। आजादी के बाद से लगातार होते रहे हैं। लेकिन, मई 2014 के बाद से जिस प्रकार की भीड़ हिंसा का सिलसिला शुरू हुआ है, वह एक सीमा तक किसी  नई परिघटना या फेनोमेनन से कम नहीं है। या लव जिहाद, गोरक्षा व तस्करी, बालक चोरी, चुटिया काटना, चुड़ैल घोषित करना जैसी घटनाओं ने मोब लिंचिंग में नया आयाम जोड़ा है। देश के विभिन्न भागों में  घटने वाली  इस प्रकार की भीड़ हिंसा में एक खास किस्म का  ‘पैटर्न ‘ नजर आता है। देखिए, पशु तस्करी पहले भी होती रही है, अंतर जातीय व धार्मिक विवाह पहले से होते आ रहे हैं, पार्कों में प्रेमी जोड़ें पहले भी मिलते रहे हैं, लेकिन इस पैमाने की मोब लिंचिंग पहले नहीं रही। मार-पीट जरूर रही, लेकिन, ऐसी  घटनाएँ ‘राष्ट्रीय स्तर‘ का खतरा नहीं बनी थीं। इस खतरे की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट को इसमें हस्तक्षेप करना पड़ा और केंद्र से कहना पड़ा कि मोब लिंचिंग की रोकथाम के लिए कड़े कानून बनाए। सारांश में, मोब लिंचिंग किसी प्रदेश या क्षेत्र विशेष तक सीमित नहीं है बल्कि उत्तरपूर्व से लेकर दक्षिण राज्य तक इसकी चपेट में आ चुके हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए यह घटनाएँ खतरा बन चुकी हैं। यदि सवा अरब का देश ‘भीड़ इन्साफ‘ की गिरफ्त में आता है तो ‘कानून-व्यवस्था के राज‘ की क्या जरूरत है? कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका का अस्तित्व ही संकटग्रस्त हो जाएगा। जाहिर है, यह स्थिति देश को पहले अराजकता में
धकेलेगी। इसके बाद तानाशाही या अधिनायकवाद और फासीवाद के दौर शुरू होंगे। 

           पिछले दिनों झारखंड में बंधुआ मुक्ति आन्दोलन के नेता स्वामी अग्निवेश पर भाजपा समर्थक भीड़ ने हमला किया था। उन्हें अध नंगा बना दिया था। स्वामी जी ने इसे भाजपा राज्य द्वारा प्रायोजित घटना बताया है। इसका अर्थ यह है कि ऐसी लिंचिंग के गर्भ में राज्य का हाथ रहता है। इसकी पुष्टि अलवर की ताजा मोब लिंचिंग की घटना से भी उजागर होती है। गाय तस्करी के शक में पहले अकबर खाँ को चंद लोगों ने मारा पीटा और घायल अवस्था में पुलिस उन्हें अपने वाहन में तीन घंटे तक कथित रूप से घुमाती रही। अस्पताल ले जाने के स्थान पर भीड़ हिंसा से पीड़ित अकबर को थाना ले जाया गया। इसके बाद अस्पताल जहाँ उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इससे पहले भी इसी जिले में दो और घटनाएँ हो चुकी हैं। राज्य सरकार ने इस मोब लिंचिंग के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखलाई। उत्तर प्रदेश के  दादरी काण्ड में भी यही हुआ। गोमांस रखने के शक में  भीड़ ने एक मुस्लिम की जान ली। झारखंड में भी ऐसा ही हुआ। हैरत तो यह रही कि जब मोब लिंचिंग के अपराधी जेल से जमानत पर बाहर आये तो मोदी-सरकार के मंत्री ने उनका स्वागत किया। राजस्थान में भी यही हुआ। वसुंधरा-सरकार के मंत्री ने अलवर हिंसा को हलके में लिया। मोब लिंचिंग के प्रति हास्यास्पद नजरिया तो यह रहा है कि जब एक केंद्रीय मंत्री कहते हैं कि
प्रधानमन्त्री मोदी की लोकप्रियता बढ़ने से  इस तरह की घटनाएँ हो रही हैं। इसका अर्थ यह हुआ कि गोरक्षक या मोब लिंचिंग मोदी की लोकप्रियता से जलते हैं और अपना नजला गाय के बहाने मुसलमानों पर उतारते हैं! बच्चा चोरी के नाम पर होने वाली मोब लिंचिंग का मोदी, लोकप्रियता के साथ कौन सा रिश्ता हो सकता? यही सवाल लव जिहाद पर लागू होता है। असलियत में, इस तरह की फूहड़ प्रतिक्रियाएँ और अपराधियों को फूल मालाएँ पहनाना दो ही बातों की गवाही देती हैं। एक भाजपा या संघ परिवार के नेतृत्त्व का दिवालियापन, दो भाजपा नेतृत्त्व को इस बात का अहसास हो चुका है कि  गठबंधन की राजनीति के माहौल और सामान्य परिस्थितियों में उसके लिए 2019  के आम चुनावों को जीतना आसान नहीं रहेगा। समाज के चरम
ध्रुवीकरण या असाधारण परिस्थितियों  से ही वह वैतरणी  पार उतर सकता है। इसलिए ऐसी घटनाओं का सिलसिला चलते रहना चाहिए। 2015 का साल याद करें जब  देश में  ‘नॉन टॉलरेंस ‘ का  माहौल बन गया था। समाज के धु्रवीकरण के लिए मोब लिंचिंग या भीड़ हिंसा के नए-नए रूपों को गढ़ा जाता है। कुल माजरा समाज को गरमाए रखने और अफवाहों के हथियारों को जंग लगने से बचाए रखने का है। नफरत की हिंसा को जिलाए रखने के लिए मोब लिंचिंग का ही आसरा है!

 -रामशरण जोशी
  मोबाइल : 9810525019 
लोकसंघर्ष पत्रिका सितम्बर 2018 में प्रकाशित

बुधवार, 11 अप्रैल 2018

वन्दे जम्हूरियत

   त्रिपुरा में ढाई दशकों के शासन के बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की सत्ता के पतन को वाम विचारधारा के अंत के रूप में देखना-प्रचारित करना सरासर इतिहास विरोधी दृष्टि होगी। त्रिपुरा में  हार को वाम शक्तियों की राज सत्ता के पराभव के रूप में देखा जा सकता है, न कि वामवादी वैचारिक सत्ता की पराजय।
    फिर भी ठोस राजनैतिक यथार्थ को नजरंदाज करना भी इतिहास से मुँह मोड़ना होगा। यकीनन यह समय दक्षिणपंथ की आक्रमकता का है, जिसके आलम हमलावर हैं नरेन्द्र मोदी, डोनाल्ड ट्रम्प जैसे लोग अमरीका, यूरोप ,एशिया समेत विश्व के दूसरे भागों में कॉर्पोरेट-याराना पूँजीवाद के राकेट पर सवार होकर  दक्षिणपंथी शक्तियाँ चारों दिशाओं में हमले कर रही हैं। इस नक्शे को दिमाग में रख कर त्रिपुरा-हार और  संघ-भाजपा उभार को देखा जाना चाहिए।
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने त्रिपुरा चुनाव प्रचार में हुंकार भरी थी कि राज्य में वामपंथ के गढ़ को ध्वस्त करके रहेंगे। उन्हें माणिक-सरकार से कहीं ज्यादा नफरत थी ‘वामपंथ ‘ से। अतः मोदी-सेना ने जैविक  घृणा से लैस होकर त्रिपुरा पर धावा बोल दिया। कामयाबी भी मिली, लेकिन इसका श्रेय वैश्विक दक्षिण पंथी ताकतों को भी जाता है। हालाँकि, जन-फैसले का आदर किया जाना चाहिए, लेकिन, सच यह भी है कि अकूत संसाधनों से लैस संघ-परिवार ने त्रिपुरा चुनावों में अपनी पूरी शक्ति झांक दी थी। त्रिपुरा-विजय का सबब-सन्देश है निरंकुश पूँजीवाद का विस्तार, कट्टरवादी-अंधराष्ट्रवादी-युद्ध उन्मादी प्रवृतियों का फैलाव : फियर-सायकोसिस से प्रगतिशीलों-अल्पसंख्यकों की सामजिक व राजनैतिक घेराबंदी। भाजपा एक सामान्य व प्रोफेशनल राजनैतिक पार्टी नहीं है। यह पूरी तरह से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर आश्रित है। संघ का सुदूरगामी  एजेंडा  है भारत को ‘धार्मिक उर्फ हिन्दू राष्ट्र‘ बनाना। इसके लिए संविधान में संशोधन अनिवार्य है। यह तभी मुमकिन है जब संसद और विधान सभाओं में अनिवार्य सस्दस्य संख्या रहे। इसलिए त्रिपुरा-जीत या उत्तर-पूर्व विजय अभियान पर वैचारिक दूरबीन से नजर रखनी होगी।
    प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि वास्तु शास्त्र की दृष्टि से  उत्तर-पूर्व दिशा अच्छी होती है। उन्होंने  इस चुनावी सफलता को तुरंत ही मध्ययुगीन मानसिकता के साथ नत्थी कर दिया। दूसरे शब्दों में इसे धार्मिक-सांस्कृतिक रंग दे डाला। एक ‘अखिल भारतीय हिन्दुत्त्व मानसिकता’ को चुनावी राजनीति के केंद्र में ले आए, यह खतरनाक संकेत है। संघ परिवार की कोशिश यही है कि पूरा देश ‘संघ मय‘ व ‘हिन्दू’ मय बन जाए। इस सन्दर्भ में संघ-सुप्रीमो मोहन भागवत के दम्भ भरे उवाच को याद रखना चाहिए। उन्होंने 25 फरवरी को मेरठ में आह्वान किया था कि  ‘सारा समाज संघ बने।’ वे कहते हैं कि हिन्दुओं को एकताबद्ध होना पड़ेगा। उनके ही काँधों पर भारत की जिम्मेदारी है। इन शब्दों का सीधा अर्थ यह है कि भाजपा राजनैतिक  सफलताओं तक ही सीमित नहीं रहेगी, न ही संतुष्ट होगी। यह तो उसका छद्म एजेंडा है। असली एजेंडा है देश के धर्मनिरपेक्षवादी चरित्र को ध्वस्त कर देना। उसके स्थान पर गुरु गोलवरकर जी के सपनों को साकार करना। उनके ‘बंच ऑफ थॉट्स‘ के मार्ग दर्शन में आगे बढ़ना। इसलिए उत्तर-पूर्व में संघ-परिवार के उभार को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। इसके दूरगामी परिणामों पर नजर गड़ाए रखना होगा।
    मोदीजी कहते हैं कि मुसलमानों के एक हाथ में कुरान, दूसरे हाथ में कंप्यूटर होना चाहिए। इससे असहमति किसी की नहीं है। लेकिन वे यही बात तथाकथित लव जेहादियों, गौरक्षकों जैसों पर भी लागू करेंगे? उनके सौ खून माफ। यह कैसी आधुनिकता है, यह कैसा ‘सबका साथ-सबका विकास’ है! वास्तव में संघ परिवार उत्तर-पूर्व को अपनी नई सांस्कृतिक-धार्मिक प्रयोगशाला बनाने के उपक्रम में है जहाँ पिछली सदियों में पादरियों ने इस क्षेत्र का ईसाईकरण किया था, अब इस सदी में संघ जनजातियों का ‘हिन्दूकरण‘ करना चाहता है। जनजाति संस्कृति पर वर्चस्ववादी संस्कृति आरोपित करना चाहता है। मुख्य भारत के क्षेत्रों में इसने यही किया है। (लेखक की पुस्तक देखें-यादों का लाल गलियारा-दंतेवाड़ा) सारांश में, मोदी जी अल्पसंख्यकों का तो आधुनिकीकरण करना चाहते हैं, लेकिन अपने तथाकथित सांस्कृतिक सेना को मध्ययुगीनता के अस्तबल में ही बाँधे रखना चाहते हैं। कैसी है यह दोगली मानसिकता! क्या उत्तर-पूर्व की भी यही नियति रहेगी?
    जरूरत इस बात की है कि मोदी-शाह जुगलबंदी का राग कर्णाटक और अन्य प्रदेशों में सुनायी न दे, इसके लिए सभी सच्चे लोकतान्त्रिक राष्ट्रवादियों, धर्मनिरपेक्षवादियों, संविधानवादियों और नस्ल-जात विरोधियों को गोलबंद होने का समय है।          

 -रामशरण जोशी
मोबाइल : 09810525019
लोकसंघर्ष पत्रिका अप्रैल 2018 विशेषांक में प्रकाशित

गुरुवार, 12 मार्च 2015

ज़िंदगी जिस धुन में जी, मौत से भी पानसरे ने वही काम लिया



                      
Displaying SAM_0914.JPGनई दिल्ली । महाराष्‍ट्र के कोल्‍हापुर में हाल में 16 फरवरी को अज्ञात हमलावरों की गोलियों का शिकार हुए कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के वरिष्‍ठ नेता कॉमरेड गोविंद पानसारे की याद में दिल्ली में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। आईटीओ स्थित हिंदी भवन में जोशी-अधिकारी इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल स्टडीज़ और ऑल इंडिया स्‍टूडेंट्स फेडरेशन की ओर से आयोजित इस स्‍मृति सभा में महाराष्‍ट्र सीपीआई के सचिव डॉ. भालचंद्र कानगो, दिल्‍ली से वरिष्‍ठ पत्रकार प्रफुल्‍ल बिडवई, सांप्रदायिकता और फासीवाद के खिलाफ लगातार काम कर रहे मुंबई आईआईटी के पूर्व  प्रोफेसर राम पुनियानी सहित न्‍यू एज अखबार के संपादक शमीम फैजी ने पानसरे को याद किया और वर्तमान राजनीति और चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए।
इस मौके पर महाराष्‍ट्र के सीपीआई सचिव डॉ भालचंद्र कानगो ने डॉ कॉमरेड पानसरे को याद करते हुए क‍हा कि उन्‍होंने कोई चुनाव नहीं लड़ा था, लेकिन वे जनता में बहुत लोकप्रिय थे और समाज के हर वर्ग का प्‍यार और समर्थन उन्‍हें मिला। उन्‍होंने कहा कि पानसरे समाज के हर वर्ग की समस्‍या को सुलझाने, समझने के लिए  तैयार रहते थे। यह बड़ी बात है कि उनकी हत्‍या पर महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस बात को स्‍वीकार किया कि कामरेड पानसरे की हत्‍या के पीछे प्रतिक्रियावादी ताकतों सहित पूरी व्‍यवस्‍था जिम्‍मेदार है। उन्‍होंने कहा कि कॉमरेड पानसरे हमेशा विचारों की लड़ाई लड़ते थे, उन्‍होंने तकरीबन 21 किताबें लिखीं और उनमें सबसे ज्‍यादा चर्चित महाराष्‍ट्र के इतिहास पुरुष छत्रपति शिवाजी पर लिखी किताब हुई। शिवाजी कौन है? नाम से लिखी पुस्‍तक में उन्‍होंने शिवाजी के बारे में सांप्रदायिक ताकतों द्वारा फैलाए गए झूठ के सच को सामने लाने की कोशिश की। उन्‍होंने कहा कि उनकी इस किताब की तकरीबन डेढ़ लाख से ज्‍यादा प्रतियां बिक चुकी है। उन्‍होंने कॉमरेड पानसरे के साथ अपने कई संस्‍मरणों को याद करते हुए कहा कि वे अजातशत्रु थे। डॉ. कानगो ने कहा कि पानसरे की मृत्यु से महाराष्ट्र की राजनीति में बिखरे हुए तमाम वामपंथी समूह, दलित व् आदिवासी जुड़े हैं। पानसरे देह से भले अस्सी के हो गए हों लेकिन रचनात्मकता और उत्साह उनका भरपूर युवा था।
कॉमरेड पानसरे की शहादत पर श्रद्धांजलि देते हुए सीपीआई नेता, और मध्‍य प्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ के महासचिव विनीत तिवारी ने वरिष्‍ठ साहित्‍यकार, लेखक और पत्रकार विष्‍णु खरे और जोशी इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल स्‍टडीज के प्रेसिडेंट श्री एस. पी. शुक्‍ला के संदेश पढ़े। एस. पी. शुक्‍ला ने अपने संदेश में कहा कि पानसरे मजदूर तबके से आते थे और महाराष्‍ट्र के शाहू जी महाराज और सत्‍यशोधक आंदोलन से सीखकर कम्‍युनिस्‍ट आंदोलन में शामिल हुए थे। लेकिन उन्‍होंने कभी भी शाहू जी महाराज और सत्‍यशोधक आंदोलन को भुलाया नहीं। उन्‍होंने कहा कि पानसरे को इस बात की खुशी थी कि उन्‍होंने महाराष्‍ट्र के इतिहास पुरुष छत्रपति शिवाजी महाराज को सांप्रदायिक ताकतों के पास जाने से रोकने का प्रयास किया और उन्‍हें उनकी असली जनता को सौंपा जो मेहनतकश और गैर सांप्रदायिक है। विष्‍णु खरे ने अपने संदेश में कहा कि मराठी कवि नामदेव ढसाल की श्रद्धांजलि सभा में पानसरे से हुई दो घंटे की मुलाकात मेरे जीवन पर उनके व्‍यक्तित्‍व की अमिट छाप छोड़ गई। उन्‍होंने कहा कि वे असली योद्धा थे जो आजीवन समतावादी समाज, लोकतांत्रिक मूल्‍यों और समाजवाद के लिए लड़ते रहे।  
डॉ पानसरे को याद करते हुए मुंबई आईआईआईटी के पूर्व प्रोफेसर और सांप्रदायिकता और फासीवादी मुद्दों के खिलाफ लगातार काम कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता डॉ राम पुनियानी ने कहा कि पानसरे जैसे लीडर अपने लक्ष्‍य और काम को लेकर बहुत ही समर्पित थे। उन्‍होंने कहा कि कॉमरेड पानसरे की हत्‍या के पीछे समाज में फैलता धार्मिक अंधविश्‍वास और महाराष्‍ट्र लगातार फैल रहा जातिवाद ही है। उन्‍होंने कहा कि पानसरे महाराष्‍ट्र में सांप्रदायिकता के खिलाफ काम कर रहे थे। उन्‍होंने पुणे में दाभोलकर की हत्‍या को भी इसी से जोड़ते हुए कहा कि यह दोनों ही अपनी-अपनी तरह से महाराष्‍ट्र में जागरूकता पैदा कर रहे थे और दोनों की ही हत्‍याएं तथाकथित प्रगतिशील महाराष्‍ट्र के लिए चुनौती है। उन्‍होंने कहा कि महाराष्‍ट्र के इतिहास के प्रतीक पुरुष शिवाजी पर पानसरे का कार्य अभूतपूर्व है और जिस तरह से महाराष्‍ट्र में शिवाजी का सांप्रदायिक उपयोग कर राजनीति को चमकाया गया है उसके खिलाफ पानसरे के शिवाजी एक चुनौती की तरह खड़े होते हैं। उनके इस काम ने मुझे भी चौंका दिया। उन्‍होंने कहा कि उनकी मृत्‍यु के बाद शिवाजी पर किया गया कार्य और जनता के बीच पहुंचेगा।पानसरे ने अपने जवान बेटे के न रहने के दुःख को भी एक रचनात्मक दिशा देकर हमें सिखाया कि व्यक्तिगत दुःख-सुख से समाज के लिए किया जाने वाला काम नहीं रुकना चाहिए। प्रो पुनियानी ने पानसरे के साथ अपने संस्‍मरणों को साझा करते हुए उन्‍हें एक समर्पित नेता और कभी न टूटने वाला इंसान बताया। 
वरिष्‍ठ पत्रकार प्रफुल्‍ल बिडवई ने कहा कि रामकृष्ण बजाज ने ही बाल ठाकरे को ये विचार दिया था कि शिवाजी की संहारक और शिव की सृष्टिकर्ता की छबि का शिवसेना इस्तेमाल करे। इससे महाराष्ट्र की राजनीति को दक्षिण पंथी मोड़ देने की कार्रवाई हुई। उन्होंने महाराष्‍ट्र में मुंबई के बड़े मज़दूर नेता कॉमरेड कृष्‍णा देसाई की 1970 में हुई हत्‍या का हवाला देते हुए कहा कि उस समय भी उनकी हत्‍या के विरोध में लाखों लोग मुंबई और दिल्‍ली में इकट्ठे हुए थे, लेकिन कम्‍युनिस्‍ट पार्टियों ने उनसे अपने गुस्‍से को नियंत्रित करने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि उस वक़्त जनाक्रोश को दिशा देने में वामपार्टियां असफल रही थीं और शिवसेना ने सांप्रदायिक नीतियों को फ़ैलाने की जगह बनाई। पानसरे भी कृष्णा देसाई की तरह अनेक वर्गों के सर्वमान्य नेता थे। उन्होंने कहा कि जब वे अस्सी वर्ष के हुए तो बहुत सी ट्रेड यूनियनों और महाराष्ट्र के अनेक लोगों ने उनका अभिनन्दन करने के लिए धन संग्रह किया। जब उन्हें बताया गया तो उन्होंने कहा कि इस पैसे से ऐसे सौ लोगों पर केंद्रित पुस्तकें प्रकाशित की जाएं जो प्रसिद्धि की आकांक्षा किये बगैर चुपचाप समाज के हक़ में, वंचित लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। 
न्‍यू एज अखबार के संपादक और गोविन्द पानसरे के पुराने साथी शमीम फ़ैज़ी ने कहा कि महाराष्‍ट्र में एक और साथी की हत्‍या चौंकाने वाली है। उन्‍होंने कहा कि अभी तक दाभोलकर के हत्‍यारे पकड़े नहीं गए हैं, लेकिन पानसरे के साथ न्‍याय में हम देरी नहीं होने देंगे। उन्‍होंने कहा कि वर्तमान सरकार सांप्रदायिक बयानबाजियों से रोजी, रोटी और सोशल इकॉनॉमिक मुद्दों से जनता का ध्‍यान हटाना चाहती है इसलिए जब अदानी को स्‍टेट बैंक से हजारों करोड़ का लोन देने की बात आती है तो साक्षी महाराज गोड्से पर बयान देते हैं, जब भू अधिग्रहण पर बात उठती है तो मोहन भागवत मदर टेरेसा पर बयान देते हैं। उन्‍होंने कहा कि कृष्‍णा देसाई की मौत के वक़्त जो चूक हुई वो अब नहीं होगी और जनता के गुस्से को जाया नहीं जाने दिया जाएगा। हम सभी लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और सामाजिक संगठनों को इसके खिलाफ एकत्रित करेंगे और एक नई लड़ाई का आगाज करेंगे।   
कार्यक्रम के आखिर में दिल्ली इप्टा से मनीष श्रीवास्तव व अन्य सदस्यों ने "ऐ लाल फरेरे तेरी कसम" तथा "हम सब इस जहां में ज़िंदगी के गीत गाएँ" गीत गाकर अपना सलाम पेश किया। कार्यक्रम में वेनेज़ुएला के दूतावास से प्रथम सचिव रिचर्ड्स स्पिनोज़ा भी अपनी श्रद्धांजलि प्रकट करने आये थे। प्रो विश्‍वनाथ त्रिपाठी, इतिहासकार सुमित सरकार, तनिका सरकार, प्रो अर्जुन देव, प्रो गार्गी चक्रवर्ती, प्रो. कृष्णा मजूमदार, प्रो. सुबोध मालाकार, प्रो. दिनेश अबरोल, प्रो. मधु प्रसाद, साहित्‍यकार पंकज बिष्‍ट, पत्रकार रामशरण जोशी, तीसरी दुनिया पत्रिका के संपादक आनंदस्‍वरूप वर्मा, पत्रकार अभिषेक श्रीवास्तव, बीबीसी के पत्रकार इकबाल अहमद, महिला फेडरेशन की राष्‍ट्रीय महासचिव एनी राजा, अर्थशास्‍त्री जया मेहता, शांता वेंकटरमण, अनहद की शबनम हाशमी, लेखक सुभाष गाताडे, प्रो अचिन विनायक, महिला फेडरेशन की वरिष्‍ठ नेत्री प्रमिला लुम्‍बा, लेखिका नूर जहीर, दिल्ली भाकपा के सचिव कॉम. धीरेन्द्र शर्मा और प्रो दिनेश वार्ष्णेय, अमीक़ जामेई, पिलानी से आये विमल भानोट, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ शिक्षक संघ नेता हरिमंदिर पांडे और स्‍टूडेट फैडरेशन के राष्‍ट्रीय महासचिव विश्‍वजीत सहित अनेक वामपंथी संगठनों के प्रतिनिधि व अन्य लोग उपस्थित थे, जिन्‍होंने कामरेड पानसरे को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का संचालन जोशी-अधिकारी इंस्टिट्यूट के निदेशक प्रो अजय पटनायक ने किया। 

     
- विनीत और सोनू
Share |